March 18, 2026
वर्ल्ड

Pakistan का अफगानों पर क्रूर हवाई हमला, पांच सौ मारे गए

अफगानी अस्पताल पर पाकिस्तानी हमले में पांच सौ मारे गए
पाकिस्तान की तरफ से अफगानिस्तान के एक अस्पताल पर हवाई हमले किए जाने से लगभग 500 लोगों की मौत हो गई है जबकि 250 से अधिक घायल बताए जा रहे हैं। अफगानिस्तान की ओर से बताया गया है कि हमले के समय अस्पताल में दो हजार से ज्यादा लोग मौजूद थे। यह अस्पताल मुख्य रुप से नशामुक्ति केंद्र की तरह काम करता है। हवाई हमले में अस्पताल का बड़ा हिस्सा ढह गया जहां से शव निकालना भी मुश्किल काम है और बचाव दल इसमें जुटे हैं। पाकिस्तान ने अस्पताल पर निशाना लगाकर हवाई हमले किए जाने से इंकार करते हुए कहा है कि हमारा लक्ष्य तालिबानी सैन्य ठिकाने थे जबकि अफगानिस्तान सरकार का कहना है कि नागरिकों को डराने और तालिबान पर दबाव के लिए यह कायराना हमला किया गया है। पाकिस्तान के हमलों के बाद अब तक सैकड़ों नागरिक मारे गए हैं और सवा लाख लोग विस्थापित हुए हैं। हमले के बाद अफगानिस्तान में गुस्सा है और कहा जा रहा है कि पाकिस्तान को इस हमले का जवाब दिया जाएगा। नागरिकों के साथ एकजुटता दिखाते हुए अफगान क्रिकेट स्टार राशिद खान और पूर्व कप्तान मोहम्मद नबी ने इसे निर्दोष लोगों की हत्या बताया। अफगानी कह रहे हैं कि यदि पाकिस्तान उन्हें इस तरह डराना चाहता है तो उसे पता होना चाहिए कि हम लोग और अधिक एकजुट हो रहे हैं। फरवरी से जारी इस युद्ध में अफगानों और पाकिस्तानियों के बीच बार बार झड़पें हुई हैं। पाकिस्तान ज्यादातर हवाई ताकत का इस्तेमाल कर रहा है। अफगानिस्तानी कहते हैं कि पाकिस्तानी जमीनी युद्ध पर नहीं टिक सकते इसलिए हवाई हमलों के जरिए हत्याएं कर रहे हैं। अस्पताल पर हमला पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच चल रहे तनाव की आग में घी का काम करेगा। पाकिस्तान को यह कोशिश भारी पड़ सकती है।