April 2, 2026
देश दुनिया

Sonu Sood से भी पूछताछ करेगी ईडी

टीएमसी की पूर्व सांसद मिमी से लेकर शिखर धवन तक से होनी है बेटिंग एप मामले में पूछताछ

बेटिंग एप्स के मामले में न नेता छूट रहे हैं, न क्रिकेटर और न ही फिल्मी सितारे—सभी का ईडी के सामने नंबर लग रहा है
भारत में अवैध ऑनलाइन बेटिंग एप्स के बढ़ते जाल ने अब मनोरंजन और खेल जगत के कई बड़े नामों को प्रवर्तन निदेशालय (ED) के रडार पर ला खड़ा किया है. चाहे वह बॉलीवुड की चमक-धमक हो, क्रिकेट की लोकप्रियता या राजनीति की प्रभावशाली हस्तियां—इंफोर्समेंट डायरेक्टोरेट की जांच से कोई अछूता नहीं रहा. इस कड़ी में अभिनेता सोनू सूद को भी समन भेजकर 24 सितंबर को दिल्ली ईडी मुख्यालय में बुलाया गया है. सोनू की एक प्रतिबंधित ऑनलाइन बेटिंग प्लेटफॉर्म के साथ प्रमोशनल साझेदारी थी, जो गैरकानूनी है.
वनएक्सबेट नामक एप को अवैध सट्टेबाजी और मनी लॉन्ड्रिंग गतिविधियों में संलिप्त माना जाता रहा है और सोनू सूद को इसके प्रचार में भी शामि माना गया है. ईडी का पूरा ध्यान इस बात पर है कि सेलिब्रिटीज और खिलाड़ियों की ब्रांड वैल्यू का इस एप को बढ़ाने में किस हद तक इस्तेमाल किया गया और इसके बदले में उन्हें कितना पैसा मिला. पीएमएलए के तहत अब तक हुई पूछताछ में पूर्व टीएमसी सांसद और अभिनेत्री मिमी चक्रवर्ती, अभिनेत्री उर्वशी रौतेला, बंगाली अभिनेता अंकुश हाजरा, क्रिकेटर सुरेश रैना, शिखर धवन, युवराज सिंह और रॉबिन उथप्पा को भी ईडी बुला चुकी है और इनमें से कुछ के तो बयान भी दर्ज हो चुके हैं. उथप्पा 22 सितंबर और युवराज को 23 सितंबर को पेश होंगे.
अभिनेत्री उर्वशी रौतेला तो इस एप की भारत में ब्रांड एंबेसडर हैं हालांकि वो बुलाए गए दिन ईडी के सामने पेश नहीं हुई हैं. ईडी का मानना है कि ये एप्स न केवल अवैध हैं, बल्कि इनसे बड़े पैमाने पर मनी लांड्रिंग और टैक्स चोरी भी हुई हैं. बैटिंग के चलते देश में लाखों लोगों को करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है. इसीलिए एजेंसी इन मामलों में तेजी से कार्रवाई करते हुए फिल्मी सितारों, नेताओं और क्रिकेटर्स से भी पूछताछ कर रही है. सरकारी आंकड़े इस बारे में एक डरावनी तस्वीर पेश करते हैं कि देश में लगभग 22 करोड़ लोग ऑनलाइन बेटिंग एप्स पर हैं और इनमें से आधे तो नियमित उपयोग करते हैं. भारत में ऑनलाइन बेटिंग का बाजार 100 अरब डॉलर से ज्यादा का बताया जाता है जो सालाना तीस प्रतिशत की दर से बढ़ रहा है.