March 13, 2026
प्रदेश

IAS दंपत्ति के फॉर्महाउस पर पकड़ा गया बड़ी रकम का जुआ

मामला एक करोड़ से ज्यादा के जुए का, बता रहे 28 लाख
मामला एक करोड़ से ज्यादा के जुए का, कारों सहित जब्ती 28 लाख की बता रहे
मानपुर में आईएएस पति-पत्नी के फॉर्म हाउस पर जुआ पकड़े जाने के मामले में अब कोशिश की जा रही है कि बात दब जाए तो बेहतर है। दरअसल अंबरीश वैद्य और उनकी पत्नी वंदना वैद्य, दोनों ही आईएएस हैं और मानपुर के अवलीपुरा में उनके फॉर्म हाउस पर पुलिस ने जुआ खेलते अठारह लोगों को गिरफ्तार किया है जबकि पांच फरार हो गए हैं। इस मामले में खास बात यह है कि यहां जुआ खेलने लोग अलग अलग जगहों से आए थे और यह भी बताया जा रहा है कि यह काम आज से नहीं चल रहा बल्कि लंबे समय से यह सब चल रहा है जिसकी जानकारी स्थानीय पुलिस को भी थी। यही वजह है कि इस बार मानपुर पुलिस को पहले से पूरी जानकारी दिए बिना ही अचानक कार्रवाई की योजना बनाई गई जिसमें दूसरे थानों के सदस्यों को भी शामिल किया गया और यह सब इंदौर ग्रामीण के एक बड़े अफसर की निगरानी में किया गया। चूंकि आईएएस दंपत्ति की संपत्ति पर जुआ खिलाया जा रहा था इसलिए छापे में काफी सावधानी बरती गई इसके बावजूद कुछ आरोपियों का भाग निकलना बताता है कि आखिरी समय तक इस छापे को विफल करने की कोशिश की गई और इसमें कुछ पुलिस वालों के शामिल होने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। सूत्र तो यह भी कह रहे हैं कि यहां बड़े स्तर का जुआ खेला जाता रहा है और ऐसे में महज 28 लाख के आसपास की जब्ती भी अपेक्षाकृत कम है। यानी या तो भागने वाले काफी पैसा लेकर भागने में सफल रहे या छज्ञपे में बरामदगी कम ही दिखाई गई। इंदौर से दूर पकड़ाया यह मामला इतना तूल भी नहीं पकड़ता लेकिन आईएएस दंपत्ति के फॉर्म हाउस होने और पकड़ाए गए जुआरियों के अलग अलग जगहों के प्रभावी व्यक्ति होने के चलते बात लाइमलाइट में आ गई। पुलिस ने इस मामले में 13.67 लाख नकद, 30 मोबाइल फोन व दो कारों सहित 28.67 लाख की जब्ती बताई है। मानपुर में बड़े स्तर के इस जुए की सूचना पहले से ही मुखबिर थी लेकिन मानपुर पुलिस ने कार्रवाई में रुचि नहीं ली और जब ऊपरी स्तर से कार्रवाई हुई भी तो मानपुर पुलिस के कुछ लोगों ने इसे अपने स्तर पर विफल करने की भरपूर कोशिश की। जुआरियों को लेकर तो अदालत आगे की कार्रवाई तय करेगी लेकिन पुलिस ने त्वरित निर्णय के साथ मानपुर टीआई लोकेन्द्र हिरवे के अलावा दो अन्य मिथुन ओसारी और रेशम गिरवाल को सस्पेंड कर दिया है। इस बीच फॉर्म हाउस की मालिक वंदना वैद्य ने कहा है कि हमें तो पता ही नहीं कि यहां यह सब कैसे चल रहा था।