Area 51 के राज अब खोलने जा रही है ट्रंप सरकार
ओबामा ने हाल ही में कहा था कि वे मानते हैं एलियंस होते हैं और एरिया 51 में एलियंस व यूएफओ होने का ही दावा किया जाता है
अमेरिकी के रहस्यमय एरिया 51 के राज अब ट्रंप के राज में खुल सकते हैं। नेवादा रेगिस्तान के गुप्त एयर बेस एरिया कहे जाने वाले एरिया 51 को एलियंस से लेकर आधुनिकतम गुप्त हथियारों के भंडार बतौर पूरी दुनिया में रहस्य की तरह देखा जाता है। कुछ लोग कहते हैं कि अमेरिका ने जो यूएफओ पकड़े हैं उन्हें भी यहीं छुपाया गया है और उनसे आए एलियंस को भी यहां दुनिया की नजरों से बचा कर रखा गया है। अब ट्रंप ने कहा है कि वे इनसे जुड़े सरकारी दस्तावेजों को जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर रहे हैं. पिछली कई अमेरिकी सरकारों से नागरिक यह मांग रखते रहे हैं कि सभी चीजें नागरिकों को पता होना चाहिए भले वह एरिया 51 का रहस्य ही क्यों न हो। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया पर बताया कि लोगों की इस बात में खूब रुचि है कि आखिर एरिया 51 में है क्या और उनकी इस रुचि का सम्मान करते हुए ही रक्षा मंत्रालय और इससे जुड़ी एजेंसियों को निर्देश दिया जा रहा है कि एलियन और पृथ्वी से बाहर के जीवन, अज्ञात हवाई घटनाओं ही नहीं यूएफओ को लेकर अब तक जुटाई गई जानकारियों वाले सरकारी दस्तावेजों को भी जारी किया जाए. हालांकि अभी यह साफ नहीं है कि ये गोपनीय दस्तावेज आम लोगों के लिए पूरी तरह खुल जाएंगे या इनका कुछ हिस्सा सिर्फ सरकारों के गोपनीय हिस्सों में ही छुपा रहेगा. ट्रंप ने यह जरुर बताया कि इन फाइलों में दबी दिलचस्प और महत्वपूर्ण जानकारी अब उस हद तक गोपनीय नहीं रहेगी जितनी अब तक पिछली सरकारों ने रखी है। दरअसल पिछले दिनों पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने वायरल पॉडकास्ट में कहा था कि वे मानते हैं एलियंस होते हैं, इसी को लेकर ट्रंप ने यह भी कहा कि पृथ्वी से बाहर जीवन के अस्तित्व को लेकर ओबामा ने गोपनीय जानकारी उजागर की है. होस्ट ब्रायन टायलर कोहेन को ओबामा ने कहा कि वे मानते हैं एलियंस होते हैं लेकिन मैंने उन्हें कभी देखा नहीं है और मेरी जानकारी में तो यह बात भी सच नहीं है कि ऐसे किसी यूएफओ और एलियंस को एरिया 51 में रखा गया है, अब यदि कोई बात अमेरिका के राष्ट्रपति से भी गोपनीय रख ली गई हो तो बात अलग है। ट्रंप का कहना है कि ओबामा ने एलियंस और यूएफओ को लेकर गोपनीय जानकारी सार्वजनिक कर दी है और इसी के साथ अमेरिकी राष्ट्रपति के पॉवर को भी गलत तरीके से पेश कर दिया है जो कि उन्हें नहीं करना चाहिए था। पिछले कुछ सालों में अमेरिकी सरकार को ऐसी कई रिपोर्ट मिलीं जिनमें अजीब और रहस्यमय उड़ने वाले विमानों या उड़नतश्तरियों का जिक्र था. हालांकि कई संदिग्ध घटनाएं मौसम के गुब्बारे, जासूसी विमान, सैटेलाइट जैसी गतिविधियां ही निकलीं लेकिन ऐसी भी घटनाओं का जिक्र हुआ है जिनमें एलियंस और यूएफओ का अंदेशा बना रहा।
