Amazon के जंगलों को लेकर बढ़ रही चिंता
संकटग्रस्त वर्षावन बना वैश्विक चिंता का केंद्र
अमेजन के जंगल आज संकट में हैं जबकि इन्हें धरती का फेफड़ा कहा जाता है. अमेजन वर्षावन दक्षिण अमेरिका के 67 लाख वर्ग किलोमीटर में फैला है और भारत के आकार से दोगुना बड़ा है, धरती का सबसे बड़ा कार्बन सोखने वाला क्षेत्र माना जाता है। यह क्षेत्र 1,100 से अधिक सहायक नदियों के साथ मीठे पानी का सबसे बड़ा स्रोत भी है, जो अटलांटिक महासागर में जाकर समुद्री धाराओं को संतुलित करता है। लेकिन अब वैज्ञानिक चेतावनी दे रहे हैं कि वनों की दशकों से हो रही कटाई, खनन, भूमि क्षरण और जलवायु प्रभावों के कारण अमेजन का भविष्य अनिश्चित हो गया है। ब्राजील के पारा राज्य, जिसकी राजधानी बेलेम है, में विनाश का स्तर सबसे अधिक है। रिपोर्टों के अनुसार, अमेजन के कुछ हिस्से अब कार्बन डाइऑक्साइड सोखने की बजाय उत्सर्जित करने लगे हैं।
ब्राजील के हिस्से में अमेजन का 60 प्रतिशत क्षेत्र आता है और ब्राजील सरकार ने संकेत दिया है कि वह उष्णकटिबंधीय वर्षावनों की सुरक्षा के लिए नया अंतरराष्ट्रीय समझौता प्रस्तावित करेगी।
