February 11, 2026
वर्ल्ड

Venezuela के तेल वाले खेल को इस तरह भी देखें

SITGO पर कब्जे और बांड न भुना पाने से शुरु हुई कहानी नरक वाली जेल तक पहुंची

आदित्य पांडे

वेनेजुएला के राष्ट्रप्रमुख मादुरो और उनकी पत्नी को जिस अंदाज में ट्रंप ने पकड़वा कर अमेरिका लाकर जेल में बंद किया है उससे पूरी दुनिया चकित है और जो बात सीधे सामने आ रही है वह यह कि सबसे बड़े तेल भंडार वाले वेनेुजएला के चलते मादुरो को यह सब देखना पड़ा है। हकीकत यह है कि यह पूरा सच नहीं है बल्कि अधूरा सच है। आप बात शुरु करें 2009 से जब मादुरो इजराइल से सारे संबंध तोड़ देते हैं और इसके पीछे कारण होता है गाजा वाला विवाद। 2014 में मादुरो सीधे यहूदियों या कहें इजराइलियों पर आरोप लगाते हैं कि वे वेनेजुएला जैसी सरकारों के खिलाफ षडयंत्र करते हैं। ज्यादा समय नहीं बीतता और 2017 में वेनेजुएला 60 बिलियन के बांड्स को डिफाल्ट कर देता है। यहां से एक नया पेंच शुरु होता है, एक सज्जन हैं पॉल सिंगर जिनका काम है ऐसे बांड्स वगैरह खरीदना और यदि कोई सरकार डिफॉल्ट कर दे तो सिंगर की बल्ले बल्ले हो जाती है क्योंकि फिर ये जमकर हाथ मरोड़कर पैसा वसूलते हैं और इस काम में उनका साथ इजराइल देता है क्योंकि ये अमेरिका से उसके मुताबिक नीतियां बनवाना जानते हैं और अमेरिका इसलिए इनकी तरफ ताकता है क्योंकि ये जमकर पैसा बहाना जानते हैं, ट्रंप को ही नहीं उनके सहयोगियों को भी इन सज्जन ने जमकर पैसा दिया ताकि वो चुनाव जीतें और फिर पैसा वसूलना तो इन्हें आता ही है। तो साहब सिंगर की कंपनी को इस बात से मलाल नहीं होता कि उनका पैसा बांड्स में उूब गया बल्कि वे खुश होते हैं कि अब वेनेजुएला की लाइफलाइन का एक हिस्सा उनके पास आ सकता है और वह है वेनेजुएला की सबसे बड़ी या कहें एकमात्र तेल कंपनी एआईपीएसी की अमेरिका के टेक्सास में काम करने वाली ‘सिटगो’. सिटगो के बारे में इतना ही समझ लें कि यह वेनेजुएला की मालिकियत की कंपनी है, अमेरिका में काम करती है और इसकी रिफाइनरी ही ऐसी हैं जो इतने भारी तेल को साफ कर सकती हैं। जी हां, हर देश में पाए जाने वले तेल की खासियत और कमियां हो सकती हैं जिसके लिए अलग अलग रिफाइनरी का काम अक्सर होता है। सऊदी का तेल साफ करना आसान होता है लेकिन वेनेजुएला का तेल साफ करना आसान नहीं है और उसकी खास रिफाइनरी सिटगो के पास हैं। 2023 आते आते सिंगर के पक्ष में एक बड़ा फैसला डेलावेयर के कोर्ट से आता है और आदेश दिया जाता है कि पीडीवीएसए की अमेरिका में संपत्तियां बेच दी जाएं ताकि बांड का पैसा चुकाया जा सके। 25 नवंबर 2025 तक सिंगर और उनके साथियों की कंपनी सिटगो पर शिकंजा कस लेती है अब हालात ये हो जाते हैं कि वेनेजुएला अपने ही तेल को बेच नहीं सकता क्योंकि अमेरिका ने पहले ही प्रतिबंध लगा रखे हैं और फिर भी यदि वो किसी से सौदा करे तो कैसे जब तेल होने के बाद भी उसके हाथ में कोई रिफाइनरी ही नहीं है। यहां ट्रंप सामने आते हैं, वो दुनिया को बताते हैं कि कैसे वेनेजुएला के राष्ट्रपति मादुरो ड्रग सिंडिकेट चलाते हैं और अमेरिका में ड्रग सप्लाइ करवाते हैं। आखिर तीन जनवरी को आदेश होता है और अमेरिकी स्पेशलिस्ट एक ऑपरेशन में मादुरो को उस लोहे के सुरक्षित महल में पहुंचने से पहले ही अपनी पकड़ में लेकर कमरे से घसीटते हुए ले आते हैं और साथ साथ उनकी पत्नी को भी इन्हीं आरोपों में पकड़ लिया जाता है। अब मादुरो अमेरिका के उस बदनाम जेल में हैं जिसे नरक की संज्ञा दी जाती है। एक पूरा चक्र होता है और वेनेजुएला के तेल के कुएं भी अब उस सिंगर एंड कंपनी के हाथों लग जाते हैं जिसके पास इसे साफ करने वाली रिफाइनरी पहले ही पहुंच चुकी हैं। यानी जिसे आप महज इस तरह ले रहे हैं कि तेल के खेल में मादुरो को यह सब देखना पड़ रहा है उसके पीछे तेल से भी बढ़कर कुछ खेल हैं। इसे इजराइलऔर गाजा के बीच संघर्ष की शुरुआत से जोड़ सकते हैं, ट्रंप के चुनाव में खर्च उठाने वालों से जोड़ सकते हैं, मादुरो के राज में सबसे कीमती खजाने यानी तेल पर ही ध्यान न देने की लापरवाही से जोड़कर देख सकते हैं और इससे भी बढ़कर आप ह्यूगो शावेज के साथ मादुरो के किए गए दुर्व्यवहार का बुरा फल भी मान सकते हैं। हां, यह जरुर है कि ट्रंप के इस कदम ने पूरी दुनिया को हिला कर रख दिया है क्योंकि अब तक अमेरिका जैसे ऑपरेशंस को अदृश्य तरीके से करता रहता था वैसे दृश्य वह अब खुलेआम दुनिया को दिखाकर, बताकर और जता कर करने की हेकड़ी के साथ कर रहा है।