February 16, 2026
वर्ल्ड

Pakistan बन रहा चीन का सबसे बड़ा जेट खरीदने वाला

पेंटागन की नई रिपोर्ट ने बताया कि चीन पर कितना भरोसा करता है पाकिस्तान

पेंटागन की एक नई रिपोर्ट पाकिस्तान की आर्थिक चुनौतियों और अंतरराष्ट्रीय दबावों के बीच एक नई तस्वीर सामने पेश करती है। पाकिस्तान यूं तो अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष से हरदम मदद मांगता है लेकिन चीन से फाइटर जेट खरीदने के मामले में वह सबसे बड़ा देश बनकर उभरा है। अमेरिकी संसद को भेजी गई पेंटागन की ताज़ा रिपोर्ट इस बात की पुष्टि करती है कि पाकिस्तान चीन की रक्षा रणनीति का अहम हिस्सा बन चुका है। रिपोर्ट के अनुसार, दिसंबर 2024 तक चीन दुनिया का चौथा सबसे बड़ा हथियार सप्लायर देश बन गया था। चीन मुख्य रूप से अपनी सरकारी रक्षा कंपनियों—एविएशन इंडस्ट्री कॉरपोरेशन ऑफ चाइना (एवीआईसी) और नॉर्थ इंडस्ट्रीज कॉरपोरेशन के जरिए हथियारों का निर्यात करता है। रिपोर्ट में कहा गया है कि चीन के हथियार निर्यात उसकी व्यापक विदेश नीति और बेल्ट एंड रोड पहल से गहराई से जुड़े हुए हैं। लचीली शर्तों और आकर्षक पैकेजों के जरिए वह विकासशील देशों को खास तौर पर अपने जाल में फंसाता है।

पाकिस्तान बना चीन का सबसे बड़ा ग्राहक

पेंटागन की रिपोर्ट में बताया गया है कि चीन के फाइटर जेट खरीदने वाले देशों में पाकिस्तान सबसे आगे है। बीजिंग फिलहाल तीन प्रमुख फिक्स्ड-विंग फाइटर जेट बेचता है—पांचवीं पीढ़ी का एफसी-31 स्टील्थ फाइटर, चौथी पीढ़ी का मल्टीरोल फाइटर, और जेएफ-17 थंडर, जिसे चीन और पाकिस्तान ने मिलकर विकसित किया है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि पाकिस्तान एकमात्र देश है जिसे चीन ने जे-10सी का निर्यात किया है। मई 2025 तक चीन ने पाकिस्तान वायु सेना को 20 फाइटर जेट सौंप दिए थे। यह सौदा 2020 में हुए दो ऑर्डरों का हिस्सा था, जिनमें कुल 36 जेट शामिल थे। मिस्र, उज्बेकिस्तान, इंडोनेशिया, ईरान और बांग्लादेश जैसे कई देशों ने जे-10सी खरीदने की इच्छा जताई थी। इसके बावजूद चीन ने अब तक किसी अन्य देश को यह जेट निर्यात नहीं किया है। इससे साफ है कि पाकिस्तान चीन का सबसे बड़ा और सबसे भरोसेमंद ग्राहक बना हुआ है।