Iran के नए सुप्रीम लीडर कोमा में, मुज्तबा का पैर भी कटा- द सन की खबर
मुज्तबा की सेहत को लेकर ट्रंप ने भी यही संकेत दिए कि वे गंभीर अवस्था में हैं और उनका पैर भी काटना पड़ा है
ईरान में खोमेनेई की मौत के बाद बनाए गए सुप्रीम लीडर मोज्तबा को लेकर द सन ने दावा किया है कि वह एयर स्ट्राइक में गंभीर रूप से घायल हुए हैं और फिलहाल कोमा में हैं। टेब्लायड का यह भी दावा है कि मुज्तबा का एक पैर काटना पड़ा है। कड़ी सुरक्षा के बीच ईलाज चलने की बात बताते हुए यह भी कहा गया है कि मुज्तबा एक एयर स्ट्राइक में घायल हुए हैं। हालांकि ईरान की तरफ से ऐसी कोई जानकारी नहीं दी गई है बल्कि इस दावे से उलट ईरान तो मुज्तबा का एक रिकॉर्डेड संदेश फैला रहा है जिसे उनकी तरफ से न्यूज एंकर ने पढ़ा है। इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने भी इशारों में यही संकेत दिया है कि मुज्तबा बुरी तरह घायल हैं। ट्रंप ने एक सवाल के जवाब में कहा कि मुझे लगता है कि वह शायद जिंदा हैं, लेकिन उन्हें गंभीर चोटों की खबरें तो मिल रही हैं। मुज्तबा के एक पैर खोने और पेट या लीवर में गंभीर क्षति की बातें समाने आई हैं लेकिन इनकी पुष्टि अभी सरकारी तौर पर होना बाकी है। इस बीच ईरान में चल रहे मोज्तबा के संदेश में कहा जा रहा है कि ईरान अपने हर नागरिक के खून का बदला लेगा और होर्मुज सहित अन्य समुद्री मार्गों में जारी अमेरिकी, इजराइली और यूरोपीय जहाजों पर हमले जारी रखेगा। मुज्तबा के संदेश से यह भी साफ है कि ईरान अब इसी नीति पर काम कर रहा है कि यदि उसके किसी तेल या परमाणु वाले संस्थान पर हमला होता है तो वह खाड़ी के देशों में अमेरिका के मददगार देशों की ऐसी व्यवस्थाओं पर चोट करने की रणनीति बना चुका है। ईरान ने साफ धमकी दी है कि वह खाड़ी के देशों की तेल व्यवस्था चौपट करने का माद्दा रखता है और यदि उसे ऐसे हमले करने के लिए मजबूर किया गया तो उसे हिचक नहीं होगी।
