BBC ने जानबूझकर की खबरों से बेईमानी, डायरेक्टर को देना पड़ा इस्तीफा
न्यूज सीईओ ने भी सौंपा अपना इस्तीफा, ट्रंप बोले कितने बेईमान लोग हैं ये
ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कॉर्पोरेशन यानी एक बार फिर विश्वसनीयता के संकट में है। ट्रंप के भाषण को गलत तरीके से संपादित कर चलाने के आरोप के बाद डायरेक्टर जनरल टिम डेवी और न्यूज़ सीईओ डेबोरा टर्नेस को अपने पदों से इस्तीफा देना पड़ा है. बीबीसी के पैनोरमा कार्यक्रम में जनवरी 2021 के कैपिटल हिल दंगे से पहले ट्रंप के भाषण के दो हिस्सों को जोड़कर संस्थान ने इस तरह प्रस्तुत किया जैसे सीधे सीधे ट्रंप ने इस हिंसा को बढ़ावा दिया हो। इस भाषण में ट्रंप ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन की बात भी कही थी लेकिन बीबीसी ने इस हिस्से को हटाकर सिर्फ वे ही हिस्से संपादित कर दिखाए जिससे गलत संदेश फैलाया जा सके। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए सोशल मीडिया पर बीबीसी के लिए लिखा था कि ये बेहद बेईमान लोग हैं, जिन्होंने राष्ट्रपति चुनाव पर असर डालने की कोशिश की। लोकतंत्र के लिए यह बुरी बात है। जब ट्रंप तक इन लोगों के इस्तीफे की बात पहुंची तो उन्होंने इसे सच की जीत बताया ब्रिटेन के राजनीतिक नेताओं ने भी इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया दी और उम्मीद जताई कि इन इस्तीफों के बाद तो कम से कम बीबीसी पारदर्शिता और निष्पक्षता का ध्यान रखेगा। यह पहली बार है जब सीधे सीधे खबरों में हेरफेर करने के मामले में संस्थान के दो शीर्ष अधिकारियों को एक ही दिन इस्तीफा देना पड़ा है। ऐसा नहीं कि यह पहली बार है बल्कि बीबीसी पर पहले भी भ्रामक रिपोर्टिंग के आरोप लग चुके हैं। संस्थान के राजनीतिक पक्षपात, सांस्कृतिक पूर्वाग्रह और संपादकीय असंतुलन की भी आलोचना होती रही है और कई बार आंतरिक समीक्षा करने के बाद बीबीसी को सार्वजनिक माफी भी मांगनी पड़ी है।
