February 16, 2026
Business Trendsदेश दुनिया

Trump की अब चावल पर टैरिफ की चेतावनी

अमेरिकी राष्ट्रपति बोले भारत अमेरिका में चावल डंप कर रहा है, एक दिन में ठीक कर सकता हूं

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर अमेरिकी बाजार में सस्ते चावल ‘डंप’ करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि वह इस मुद्दे को तुरंत टैरिफ लगाकर सुलझा देंगे। व्हाइट हाउस में किसानों और कृषि कारोबार से जुड़े प्रतिनिधियों के साथ हुई राउंडटेबल बैठक में ट्रंप ने यह टिप्पणी तब की, जब लुइजियाना की कारोबारी मेरिल केनेडी ने बताया कि दक्षिणी राज्यों के किसान कठिन दौर से गुजर रहे हैं और भारत, थाईलैंड तथा चीन सस्ते चावल भेज रहे हैं। बैठक के दौरान ट्रंप ने अधिकारियों से पूछा कि भारत को यह कैसे करने दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि जरूरत पड़ी तो टैरिफ बढ़ाकर इस समस्या को एक दिन में खत्म किया जा सकता है। ट्रंप ने यह भी कहा कि अमेरिकी किसानों को साफ सुथरा व्यापार चाहिए और दोषी देशों पर कड़े टैरिफ ही इसका समाधान हैं। इस राउंडटेबल में ट्रंप ने अमेरिकी किसानों के लिए 12 अरब डॉलर की सहायता पैकेज की भी घोषणा की, जिसे उन्होंने कृषि अर्थव्यवस्था को स्थिर करने के लिए आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि आयातित कृषि उत्पादों से अमेरिकी किसानों को नुकसान हो रहा है और सरकार उन्हें राहत देने के लिए प्रतिबद्ध है। भारत दुनिया का सबसे बड़ा चावल उत्पादक और निर्यातक है, लेकिन अमेरिकी बाजार में उसकी हिस्सेदारी बहुत कम है। 2024 में भारत ने अमेरिका को केवल 2.34 लाख टन चावल भेजा, जो उसके कुल निर्यात का बेहद छोटा हिस्सा है। भारतीय निर्यातकों का कहना है कि अमेरिकी टैरिफ भले चुनौती हों, लेकिन लंबी अवधि में भारत की प्रतिस्पर्धी कीमतें और गुणवत्ता उसकी सबसे बड़ी ताकत हैं। अमेरिका में चावल आयात को लेकर असंतोष नया नहीं है। दक्षिणी राज्यों के किसान लंबे समय से दावा करते रहे हैं कि एशियाई देशों से आने वाला सस्ता चावल उनकी आय पर दबाव डालता है। इस बैठक में भी यही मुद्दा प्रमुख रहा, जहां अमेरिकी उत्पादकों ने कहा कि आयातित चावल उनकी फसल की कीमतें गिरा रहा है और बाजार हिस्सेदारी कम कर रहा है। ट्रंप के बयान ऐसे समय आए हैं जब अमेरिका और भारत के बीच व्यापार वार्ता पहले से ही कई मुद्दों पर अटकी हुई है। यदि अमेरिका भारतीय चावल पर अतिरिक्त टैरिफ लगाता है, तो यह दोनों देशों के बीच व्यापारिक तनाव को और बढ़ा सकता है।