February 18, 2026
देश दुनिया

RoboDog को लेकर झूठ बोला, अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बना मजाक

गलगोटिया नाम की यूनिवर्सिटी ने चीन के रोबोडॉग को अपना इनोवेशन बताकर एआई समिट में पेश कर दिया

एआई समिट को सरकार काफी बड़े स्वरुप में रखना चाह रही थी और यही वजह है कि एआई से जुड़े सभी बड़े दिग्गज यहां मौजूद हैं लेकिन गलगोटिया यूनिवर्सिटी ने चीन के बनाए एक रोबोडॉग को अपना बताकर ऐसे हालात खड़े कर दिए कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय टैलेंट को काफी कुछ सुनना पड़ रहा है। दरअसल एआई समिट के दौरान इस यूनिवर्सिटी की एक प्रोफेसर ने डीडी न्यूज को दिए इंटरव्यू में साफ साफ कहा कि यह रोबोडॉग ‘ओरियोन’हमारी यूनिवर्सिटी ने बनाया है। चीन ने इस बात की हंसी उड़ाते हुए ऑनलाइन इस रोबोडॉग के बिकने की सारी जानकारी सामने रख दी और यह साफ हो गया कि महज दो से तीन लाख रुपए में यह कथित कुत्ता खरीदा जा सकता है। कल जिन नेहा सिंह ने बड़े शान से बताया था कि यह रोबोडॉग हमारे कैंपस में गश्त करता है वही आज कह रही हैं कि हमने ऐसा कभी नहीं कहा कि यह रोबोडॉग हमारा बनाया हुआ है। अब तो यूनिवर्सिटी ने विक्टिम कार्ड खेलते हुए प्रेस रिलीज भी जारी कर दी है और कहा है कि हमारे खिलाफ ‘नेगेटिव प्रोपेगैंडा कैंपेन’ चल रहा है। यूनिवर्सिटी ने आगे यह भी कह दिया कि हमारे फैकल्टी और छात्र इस नेगेटिव कैंपेन से आहत हो रहे हैं जिससे छात्रों के मनोबल को नुकसान हो रहा है। कहां तो गलगोटिया यूनिवर्सिटी ने दावा कर दिया था कि हम 300 करोड़ से ज्यादा एआई के डेवलपमेट पर खर्च करने वाले हैं और कहां दो लाख का एक चीनी डॉग खरीद कर उन्होंने छात्रों को ही नहीं इतनी बड़ी इंटरनेशनल समिट को न सिर्फ पटरी से उतार दिया बल्कि दुनियाभर में भारत के इनोवेटिव माइंड्स की बेइज्जती भी करा दी और इसके बाद भी बेशर्मी से अपनी हरकतों को जायज भी ठहराने से नहीं चूक रहे हैं।