February 11, 2026
देश दुनिया

PMO अब नए परिसर से होगा संचालित

प्रधानमंत्री आवास और कार्यालय आपस में टनल से जुड़ा, सुरक्षा के नए मानक

भारत के प्रशासनिक इतिहास में एक बड़ा बदलाव यह हुआ है कि 78 साल बाद प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) का पता बदल गया है. प्रधानमंत्री कार्यालय अब साउथ ब्लॉक के बजाय सेंट्रल विस्टा में बने परिसर से देश का कामकाज संभालेंगे, इसका आधिकारिक नाम ‘सेवा तीर्थ’ रखा गया है. यह पीएमओ आधुनिक तकनीक से लैस है और इसमें सुरक्षा के भी अभूतपूर्व इंतजाम हैं.अब तक प्रधानमंत्री कार्यालय रायसीना हिल्स पर साउथ ब्लॉक में था. पिछले लगभग आठ दशकों से देश की सभी महत्वपूर्ण नीतियों और अंतरराष्ट्रीय समझौतों की गवाह रही यह इमारत अब इतिहास का हिस्सा बन गई है. अब प्रधानमंत्री आवास और कार्यालय एक ही परिसर में यानी सेंट्रल विस्टा में हैं ताकि आवाजाही में लगने वाले समय और सुरक्षा प्रोटोकॉल के कारण जनता को होने वाली परेशानी को कम किया जा सके.नए कार्यालय का नाम ‘सेवा तीर्थ’ लोक कल्याण और समर्पण को दर्शाते हुए रखा गया है. सेवा तीर्थ को भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया है. कार्यालय पूरी तरह से डिजिटल और पेपरलेस है. अत्याधुनिक कॉन्फ्रेंस रूम और सुरक्षित वीडियो लिंकिंग के साथ यहां सुरक्षा के कई स्तर हैं। इसमें एन्क्लेव के भीतर ही कमांड सेंटर और उन्नत निगरानी प्रणाली है. नए पीएमओ को प्रधानमंत्री आवास से एक भूमिगत सुरंग से जोड़ा गया है, जिससे पीएम के काफिले की आवाजाही के में ट्रैफिक को रोकना न पड़े. सेंट्रल विस्टा में संसद भवन और ‘कर्तव्य पथ’ का निर्माण पूरा हो चुका है. आने वाले समय में अन्य मंत्रालयों को भी ‘कॉमन सेंट्रल सेक्रेटेरिएट’ में लाया जाना है जिससे सरकारी कामकाज में अधिक समन्वय रहे.