February 11, 2026
देश दुनिया

Mamta Banerjee के चहेते जैन के करीबियों पर छापे

बंगाल कोयला तस्करी मामले में कई कोयला कारोबारियों को समन

पश्चिम बंगाल में करोड़ों रुपये के कोयला तस्करी मामले में ईडी ने सात और कोयला कारोबारियों को पूछताछ के लिए बुलाया है। अब तक समन किए गए कोयला कारोबारियों की संख्या 15 हो गई है। नए समन आठ जनवरी को इसी मामले से जुड़े आई-पैक के कार्यालय और उसके निदेशक व सह-संस्थापक प्रतीक जैन के आवास पर तलाशी के बाद जारी हुए हैं। तलाशी अभियान के दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ईडी पर जांच की आड़ में पार्टी से जुड़े दस्तावेज जब्त करने का आरोप लगाया था। इस दौरान उन्होंने दोनों परिसरों से दस्तावेज, लैपटॉप और मोबाइल फोन अपने साथ ले लिए थे। मामला पहले सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा। सुप्रीम कोर्ट ने तलाशी के सिलसिले में ईडी अधिकारियों के खिलाफ पश्चिम बंगाल पुलिस द्वारा दर्ज एफआईआर पर रोक लगाते हुए टिप्पणी की कि याचिकाओं में केंद्रीय जांच में राज्य एजेंसियों के हस्तक्षेप से जुड़े गंभीर सवाल हैं। ईडी की याचिकाओं पर ममता बनर्जी, पुलिस महानिदेशक, कोलकाता पुलिस आयुक्त आदि को नोटिस जारी किया और छापे वाले क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज व अन्य रिकॉर्डिंग डिवाइस को सुरक्षित रखने का निर्देश दिया। इन घटनाओं के बीच ईडी ने पश्चिम बंगाल और झारखंड में सक्रिय कोयला तस्करी नेटवर्क पर फिर से ध्यान केंद्रित किया है। अब तक कई कोयला कारोबारियों से पूछताछ की जा चुकी है और उनसे मिली जानकारी के आधार पर अन्य संदिग्धों के नाम सामने आए हैं। इसी क्रम में सात और कोयला कारोबारियों को समन जारी किया गया है। बताया जा रहा है कि इन लोगों से मुख्य रूप से कोयला तस्करी से अर्जित धन की स्थिति और उसके लेन-देन से जुड़ी जानकारी जुटाई जाएगी। यह भी जांच की जाएगी कि इस नेटवर्क के किसी प्रभावशाली व्यक्तियों से संबंध तो नहीं हैं।