April 10, 2026
देश दुनिया

आखिर विदा हुए अधजले नोट वाले जज यशवंत वर्मा

राष्ट्रपति को सौंपा इस्तीफा, लोकसभा की जांच समिति कर रही थी जांच इसी बीच इस्तीफा देकर हटे

जिन जज साहब के घर से अधजले नोटों की बोरियां मिलने वाला मामला सामने आया था उन इलाहाबाद हाईकोर्ट के जज जस्टिस यशवंत वर्मा ने राष्ट्रपति को अपना इस्तीफा सौंप दिया। उनके खिलाफ सरकारी आवास पर बेहिसाब नगदी मिलने और नोटों को जलाए जाने के मामले ने लोगों का ध्यान खींचा था और इस घटना के बाद ही वर्मा को इलाहाबाद हाइकोर्ट भेज दिया गया था। उनके घर नोट मिलने, नोट जलाए जाने और बोरियों में नगदी मिलने के मामले की जांच में लोकसभा की जांच समिति सक्रिय है। जस्टिस वर्मा ने इस्तीफे में बड़े दुख से इलाहाबाद हाईकोर्ट के जज पद से इस्तीफा देने की बात कही है। इस्तीफे की एक प्रति चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया को भी भेजी गई है। 14 मार्च 2025 को दिल्ली हाईकोर्ट के जज जस्टिस वर्मा के सरकारी आवास के बाहरी कमरे में बोरों में भरे हुए जले हुए बेहिसाब नोट बरामद हुए थे। भ्रष्टाचार और अनियमितता के आरोपों के बाद 146 सांसदों ने वर्मा को हटाने के लिए महाभियोग पेश किया था। घटना के बाद उन्हें आंतरिक जांच के साथ न्यायिक कार्यों से अलग कर दिया गया था। जांच समिति के रिपोर्ट से पहले वर्मा ने इस्तीफा देना इसलिए चुना क्योंकि महाभियोग से स्थायी दाग लगता।