February 11, 2026
देश दुनिया

पत्रकारों की दिक्कतें श्रम मंत्री को बताएंगे ‘रामजी’

न्यूज पेपर एम्प्लाइज ने ज्ञापन दिया तो अरुण गोविल ने कहा मैं निश्चित बात करूंगा

सांसद अरुण गोविल ने पत्रकारों की बातें सुनते और समझते हुए न्यूज पेपर एम्प्लाइज ऑफ इंडिया को आश्वासन दिया है कि वो पत्रकारों से जुड़ी समस्याएं श्रम मंत्री के सामने जरुर रखेंगे। हाल ही में लोक सभा में अरुण गोविल ने सिनेमा के उन कर्मचारियों-तकनीशियनों की बात संसद में रखी थी जिनके काम का समय और मजदूरी सुनिश्चित नहीं है। इस मुद्दे को संसद में उठाने पर गोविल के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए मुंबई में उनका सम्मान किया गया। इस सम्मान समारोह का आयोजन बॉलीवुड के 32 प्रमुख यूनियनों का नेतृत्व करने वाले महासंघ ‘फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने इम्प्लॉईज’ (एफडब्ल्यूआईसीई) ने किया था। पूनम ढिल्लों के आतिथ्य में हुए इस कार्यक्रम में महासंघ के अध्यक्ष वीएन तिवारी, उपाध्यक्ष शशिकांत सिंह, मुकेश ऋषि और अशोक पंडित भी मौजूद थे। इस मौके पर अरुण गोविल के सामने ऐसी समस्याओं से दो चार हो रहे पत्रकारों का भी मुद्दा उठाया गया और उन्हें बताया गया कि भले सरकार 29 कानूनों को इकट्ठा कर चार नई श्रम संहिताएं ला चुकी हो लेकिन सच यह है कि इनको लागू कराने की सुनिश्चितता तय करना बड़ा काम है। ‘सिंटा’ की जनरल सेक्रेटरी व अभिनेत्री उपासना सिंह ने गोविल को बताया कि जूनियर कलाकारों का भुगतान तीन-तीन महीने तक रोका जाता है, जिसके चलते जीवनयापन भी मुश्किल हो जाता है। पत्रकारों द्वारा यह बताए जाने पर कि कानून तो पहले भी पर्याप्त थे लेकिन लागू कराने की मुश्किल है, इस पर गोविल ने कहा कि सरकार नियमों को लागू करवाना भी जानती है। उन्होंने ज्ञापन लेते हुए कहा कि पत्रकारों की बात भी वे श्रम मंत्री के सामने रखेंगे।