February 11, 2026
देश दुनिया

Jammu Kashmir पुलिस ने हरियाणा से पकड़ा 350 किलो आरडीएक्स

एक डॉक्टर की गिरफ्तारी के बाद मिले टिप्स के आधार पर हुई कार्रवाई में बड़ी कार्रवाई

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने आतंक के नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए हरियाणा के फरीदाबाद से दो एके-47 राइफल और 350 किलोग्राम आरडीएक्स बरामद किया है. यह कार्रवाई एक गिरफ्तार डॉक्टर की पूछताछ के आधार पर की गई, जिसने जांच एजेंसियों को महत्वपूर्ण सुराग दिए. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह खुलासा उस समय हुआ जब जम्मू-कश्मीर पुलिस ने अनंतनाग के सरकारी मेडिकल कॉलेज में कार्यरत डॉक्टर अदील को गिरफ्तार किया. अदील के लॉकर से एक एके-47 राइफल बरामद होने के बाद जांच आगे बढ़ी. पूछताछ के दौरान अदील ने एक अन्य डॉक्टर का नाम बताया, जिसे बाद में हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. दूसरे डॉक्टर की निशानदेही पर जम्मू-कश्मीर पुलिस ने हरियाणा पुलिस के साथ संयुक्त रूप से फरीदाबाद में छापेमारी की. इस दौरान एक गोदाम से दो राइफल और 350 किलो आरडीएक्स बरामद हुआ. अधिकारियों का कहना है कि यह बरामदगी किसी बड़े आतंकी नेटवर्क की ओर इशारा करती है, जिसकी कड़ियाँ जम्मू-कश्मीर से लेकर अन्य राज्यों तक फैली हो सकती हैं. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक और हथियार कहां से आए और इनका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था. जांच एजेंसियां यह भी खंगाल रही हैं कि क्या यह मामला आतंक वित्तपोषण या हथियार तस्करी नेटवर्क से जुड़ा है. यह पूरी कार्रवाई हरियाणा पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों के समन्वय से की गई. फिलहाल बरामद हथियारों और आरडीएक्स को जब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस यह सुनिश्चित करने में जुटी है कि इस नेटवर्क में शामिल सभी व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए.