Duty पर जा रहे जवानों का वाहन खाई में गिरा, दस की जान गई
डोडा में सड़क हादसा: सेना के 10 जवान शहीद
जम्मू-कश्मीर के डोडा में एक बड़ा सड़क हादसा हुआ जिसमें दस सैनिकों की जान चली गई, घटना में 11 अन्य घायल हो गए। हादसा भद्रवाह-चंबा मार्ग पर खन्नी टॉप के पास हुआ। सेना की टीम सुबह एक ऑपरेशनल ड्यूटी के लिए रवाना हुई थी। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर करीब 400 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे की सूचना पर सेना, पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत एवं बचाव कार्य जारी है।
रेस्क्यू ऑपरेशन में पता चला कि मौके पर ही 10 जवानों की मौत हो गई, जबकि 11 जवान घायल हैं। घायलों को एयरलिफ्ट कर उधमपुर स्थित सेना के कमांड अस्पताल भेजा गया। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने इस हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा, “डोडा में हुए दुर्भाग्यपूर्ण सड़क हादसे में हमारे 10 वीर जवानों की जान चली गई। इससे मैं बेहद दुखी हूं। हम उनके उत्कृष्ट सेवा भाव और सर्वोच्च बलिदान को हमेशा याद रखेंगे। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।” उन्होंने आगे कहा कि इस गहरे दुख की घड़ी में पूरा देश शोकाकुल परिवारों के साथ एकजुटता और समर्थन में खड़ा है।
शहीद और घायल जवानों के नाम
इस हादसे में शहीद हुए जवानों के नाम हैं—जोबन जीत, सुधेर नरवाल, मोनू, मोहित, एचआर कंवर, सिमरन, पी लोरा, सुलिंदर, अजय लोफरा और स्वर्ण नाग पाल।
घायल जवानों में साहिल, जेपी सिंह, नीरज, अनूप, नागिस, अमन, शंकर, संदीप, जोबनप्रीत, राकेश और अभिमन्यु शामिल हैं। सभी घायलों का इलाज जारी है और उनकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।
