February 11, 2026
देश दुनिया

Cricket में भारत की पाकिस्तान पर बड़ी जीत, विराट का रिकॉर्ड

पाकिस्तानी टीम पूरे पचास ओवर भी नहीं खेल सकी, विराट के 14 हजार रन पूरे

चैंपियंस ट्रॉफी के आज के महत्वपूर्ण मैच में भारत ने पाकिस्तान को छह विकेट से हराकर न सिर्फ बड़ी जीत दर्ज की बल्कि इस ट्रॅफी की दौड़ से पाकिस्तान को लगभग बाहर ही कर दिया. दुबई में हुए इस मुकाबले में पाकिस्तान ने टॉस जीता और भारत के लिए यह लगातार 12 वां मौका था जब उसने टॉस हारा. पाक ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 49.4 ओवर में 241 रन बनाए और दो गेंद बाकी रहते उसकी पूरी टीम पैवेलियन लौट गई. जवाब में भारत ने 42.3 ओवर में चार विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया. इस जीत में सबसे बड़ी भूमिका विराट कोहली ने निभाई जिन्होंने अपने वनडे करियर का 51वां शतक लगाया और 14 हजार रन पूरे कर दुनिया के तीसरे ऐसे बल्लेबाज होने का तमगा भी हासिल किया. 111 गेंद में 100 रन बनाकर विराट नाबाद ही लौटे.

पाकिस्तान की तरफ से हरसंभव कोशिश हुई कि वह जीत के आसपास तो पहुंचे लेकिन भारत पूरे मैच पर हावी रहा बाद में पाकिस्तान की कोशिश इस बात पर टिक गई कि कम से कम विराट तो शतक न बना सकें, इसके लिए शाहीन वाइड गेंदें फेंक कर रन दे रहे थे. इसके बाद भी चौका लगा कर विराट ने शतक पूरा कर ही डाला. 43वें ओवर में मिली पाकिस्तान पर इस जीत से भारत के चैंपियंस ट्रॉफी में दो मैच जीत लेने से उसका सेमीफाइनल का दावा पुख्ता हुआ है, वहीं पाकिस्तान की टीम के ट्रॉफी से बाहर होने की संभावना ही ज्यादा है और उसकी बची हुई मामूली संभावनाएं अब दूसरी टीमों के प्रदर्शन पर टिक गई हैं. कोहली ने वनडे में 14 हजार रन पूरे किए यानी सचिन तेंदुलकर और कुमार संगाकारा के बाद वनडे में वे तीसरा ऐसा नाम हैं जिसने इतने रन पूरे किए हैं.