Congress 28 से पहले 24 अकबर रोड और 5 रायसीना खाली करे
सारा काम इंदिरा भवन में शिफ्ट लेकिन बंगले खाली नहीं कर रही थी कांग्रेस
इन दिनों कांग्रेस के लिए कहीं से अच्छी खबर नहीं आ रही है और इसी बीच अब सीपीडब्ल्यूडी ने उसे 24 अकबर रोड वाला कभी दफ्तर रहा बंगला खाली करने का नोटिस भी दे डाला है। बताया जा रहा है कि 5 रायसीना रोड वाले दफ्तर के लिए भी ऐसा ही नोटिस दे दिया गया है। यह नोटिस 13 मार्च को दिया गया था जिसे लेकर खबरें अब सामने आई हैं और बताया गया है कि कांग्रेस को जो मोहलत मिली है वह 28 मार्च तक की है यानी इसी हफ्ते कांग्रेस को इसे खाली करना है। कांग्रेस इस नोटिस के खिलाफ कोर्ट जाने की तैयारी में है। दरअसल इन दोनों जगहों पर कांग्रेस कार्यालय संबंधी बमुश्किल ही कोई काम अब होता है क्योंकि नए बने विशाल इंदिरा भवन से ही पूरा कार्यालय चलता है लेकिन कांग्रेस इन दोनों जगहों को अपने पास यह कहते हुए रखना चाहती है कि इन बंगलों में कई महत्वपूर्ण बैठकें हुई हैं। कांग्रेस की तरफ से एक तर्क यह भी दिया गया है कि इनसे संबंधित सभी कर और बिल समय पर भरे जाते रहे हैं इसलिए इन्हें खाली करने को कहना गलत है। 15 दिन के इस नोटिस की अवधि बीतने पर भी कांग्रेस यदि इसे खाली नहीं करती है तो पीडब्ल्यूडी अलग रास्ते भी अपना सकती है जबकि कांग्रेस की लीगल टीम इस नोटिस के खिलाफ कोर्ट जाने की पूरी तैयारी में है।
