Bihar Election 2025 में इंडी से तेजस्वी यादव सीएम चेहरा
अंदरूनी खींचतान से महागठबंधन की एकता पर सवाल
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में इंडी गठबंधन ने तेजस्वी यादव को सीएम पद का चेहरा मान लिया है. कांग्रेस को लंबे समय तक यह कदम लेने में हिचक रही लेकिन आखिर अशोक गहलोत सीन में आए और तेजस्वी को नेता मान कर चुनाव में उतरने की बात पर सहमति बन गई. हालांकि इस घोषणा से बिहार कांग्रेस में असंतोष बताया जा रहा है. नाराज नेताओं का कहना है कि तेजस्वी को सीएम फेस बनाने से पहले सभी घटक दलों से राय नहीं ली गई. कांग्रेस ने इंडी की प्रेस कॉन्फ्रेंस में तेजस्वी को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करने के लिए गहलोत को आगे किया. इस घोषणा के बाद स्थानीय नेताओं ने कहा कि उन्हें यह सीधे जानकारी प्रेस कॉन्फ्रेंस से ही मिली यानी यह फैसला आरजेडी का ही है जिस पर कांग्रेस मुहर लगाने के अलावा कुछ नहीं कर सकी. बिहार कांग्रेस के नेता यह भी पूछ रहे हैं कि क्या इस फैसले से गठबंधन को मजबूत होगा या अंदरूनी दरार बढ़ाएगा.
भाजपा की जमुई प्रत्याशी श्रेयसी सिंह ने तेजस्वी के नाम की घोषणा के बाद पूछा कि तेजस्वी को बधाई लेकिन उन्हें पहले 17 महीने का मौका मिला था, तब उन्होंने बिहार के लिए क्या किया. तेजस्वी के सामने सबसे बड़ी चुनौती इंडी ने सभी दलों को साथ लेकर चलने की है जिनमें जमकर फूट है. राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि तेजस्वी एक गंभीर नेता बन सकते हैं लेकिन मौजूदा हालात में उनके लिए समन्वय एक बड़ी चुनौती होगी. इंडी गठबंधन की सबसे बड़ी कमजोरी उसकी अस्थिरता है. सीटों के बंटवारे को लेकर खींचतान, नेतृत्व को लेकर असहमति और केंद्र की राजनीति का दबाव गठबंधन को कमजोर कर सकता है.
