Ajit Pawar नहीं रहे, प्लेन क्रैश में मारे गए महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम
महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार का विमान हादसे में निधन
पांच बार में सबसे लंबे समय तक महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री रहने वाले एनसीपी (अजित पवार)के मुखिया अजित पवार का प्लेन बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दुर्घटना में अजित पवार के साथ अन्य पांच की भी मृत्यु हो गई है। सुबह 8:45 बजे मुंबई से बारामती आ रहा चार्टर प्लेन रनवे पर उतरते समय अचानक नियंत्रण खो बैठा और जोरदार धमाके के साथ क्रैश हो गया। घटनास्थल से सामने आए वीडियो बेहद भयावह हैं। विमान पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुका है। हादसा उस समय हुआ जब अजित पवार बारामती में जिला परिषद चुनावों को लेकर एक जनसभा को संबोधित करने जा रहे थे।
राजनीतिक सफर
अजित पवार महाराष्ट्र के दिग्गज नेताओं में थे। वे पिछले 13 वर्षों में पांच बार उप मुख्यमंत्री बने। उनकी राजनीतिक यात्रा उतार-चढ़ाव वाली रही लेकिन उनका संगठनात्मक कौशल और जनाधार मजबूत रहा। अजित अनंतराव पवार का जन्म 22 जुलाई 1959 को अहमदनगर जिले में हुआ था। वह एनसीपी प्रमुख शरद पवार के बड़े भाई अनंतराव पवार के बेटे थे। उनके पिता वी. शांताराम के राजकमल स्टूडियो में कर्मचारी हुआ करते थे। अजित पवार ने चाचा शरद पवार की राजनीतिक विरासत संभालने के लिए राजनीति में प्रवेश किया था हालांकि बाद में शरद पवार ने अपनी विरासत बेटी सुप्रिया को दी तो अजित पवार ने एनसीपी पर दावा ठोकते हुए बराबरी से राजनीति करना शुरु कर दिया। ‘दादा’ के नाम से लोकप्रिय अजित की शिक्षा माध्यमिक स्तर तक ही रही। इसके बावजूद उन्होंने राजनीति में अपनी मेहनत और रणनीति से बड़ा मुकाम हासिल किया। अजित पवार ने राज्य में कई महत्वपूर्ण विभाग संभाले। हालांकि उनके साथ अलग अलग विवाद भी जुड़े रहे। हाल ही में नगरीय निकाय चुनावों में सत्तारुढ़ गठबंधन के साथ अच्छी जीत हासिल करने के बाद माना जा रहा था कि वे और ताकतवर हो गए हैं और दूसरी संभावनाएं भी तलाश कर रहे हैं।
