February 11, 2026
Film

Melania फिल्म 5000 स्क्रीन्स पर लेकिन दर्शक नदारद

ट्रंप की अपील- मेलानिया फिल्म की टिकट लें लेकिन नहीं मिल रहे दर्शक
मेलानिया ट्रंप की डॉक्यूमेंट्री ‘मेलानिया’ बुरी तरह फ्लॉप हो गई है। अमेजन ने इसके लिए अलग से 40 मिलियम डॉलर का खर्च भी किया है लेकिन लोगों की रुचि मेलानिया को देखने में है ही नहीं और ये हालत तब हैं जब ट्रंप ने खुद लोगों से अपील की है कि वे मेलानिया फिल्म की टिकट खरीदें। अमेरिका में तो फिर भी लोग कुछ हद तक देख भी रहे हैं लेकिन लंदन में तो इसके पहले शो के लिए सिर्फ एक टिकट बिका। अमेरिका की प्रथम महिला मेलानिया ट्रम्प पर बनी डॉक्यूमेंट्री फिल्म दर्शकों को बिलकुल पसंद नहीं आ रही है। ब्रिटेन की सबसे बड़ी फिल्म चेन ने बताया है कि बीच लंदन के बड़े थिएटर में इस फिल्म के पहले शो के लिए सिर्फ एक व्यक्ति टिकट खरीदने पहुंचा जबकि अगले शो के दो टिकट बिके, वैसे ट्रंप इसे इस तरह भी समझा सकते हैं कि लोगों को फिल्म इतनी पसंद आ रही है कि एक ही शो में दर्शक संख्या दोगुनी यानी सौ प्रतिशत बढ़ गई। ब्रिटेन के 28 थिएटर में तो इस फिल्म को एक भी दर्शक नहीं मिला। अमेजन ने इसके अधिकार 340 करोड़ में खरीदे और 321 करोड़ इसकी मार्केटिंग पर खर्च किए हैं और इसके बाद भी फिल्म को देखने कोई जाना ही नहीं चाहता। फिल्म में ट्रम्प के इस बार चुनाव जीतने के बाद शपथ ग्रहण से पहले के कुछ दिनों की कहानी है, जिसमें व्हाइट हाउस में वापसी की तैयारी और मेलानिया के निजी व सार्वजनिक जीवन की झलक है। हालांकि फिल्म को 30 जनवरी 2026 को अमेरिका के 2000 थिएटर्स और 27 देशों में 5000 से अधिक स्क्रीन्स पर दिखाने की योजना में कोई बदलाव नहीं किया गया है।