Dhurandhar ने हमें ठीक नहीं दिखाया, हम अपनी फिल्म बनाएंगे-मीर यार बलोच
बलूच बोले “धुरंधर’ का बलूच संस्करण हम बनाएंगे
हाल ही में रिलीज हुई फिल्म धुरंधर में बलूचिस्तान की भी पृष्ठभूमि है और इसके आने वाले दूसरे हिस्से में भी बलूचिस्तान का जिक्र तय माना जा रहा है लेकिन बलूच लोग इस फिल्म में दिखाए गए हिस्सों से खुश नहीं हैं और अब उनके बड़े नेता मीर यार बलोच ने कहा है कि हम अब अपनी फिल्म बनाएंगे। बलूच नेताओं का कहना है कि फिल्म ने बलूचिस्तान की हकीकत और उनके संघर्ष को गलत तरीके से पेश किया है। मीर यार बलूच ने कहा है कि बलूचिस्तान के इतिहास, संघर्ष और संस्कृति को धुरंधर फिल्म सही तरीके से नहीं रख पाई है इसलिए हमने तय किया है कि हम अपनी तरीके से बलूच धुरंधर बनाएंगे जिसमें चीजों को सही परिप्रेक्ष्य में दिखाया जाएगा। मीर यार बलूचिस्तान के बड़े नेता और लेखक हैं। वे ‘आजाद बलूचिस्तान आंदोलन’ के प्रवक्ता हैं। मई 2025 में उन्होंने ही बलूच लिबरेशन आर्मी के प्रवक्ता बतौर बलूचिस्तान की पाकिस्तान से अलग होकर औपचारिक स्वतंत्रता की घोषणा की थी। मीर यार की कोई तस्वीर उपलब्ध नहीं है और वह तस्वीर जिसे सबसे ज्यादा उनके नाम पर चलाया जाता है, उसे लेकर मीर यार ने कहा है कि यह कतई मेरी तस्वीर नहीं है क्योंकि सुरक्षा कारणों से हम अपनी तस्वीरें खिंचवाते ही नहीं।
