AR Rahman की शादी 29 साल बाद टूटी
दोनों की तरफ से हो गई पुष्टि, रहमान ने कहा दिल टूट चुके हैं
शादी के 29 साल पूरे हो जाने के बाद विश्व प्रसिद्ध भारतीय संगीतकार एआर रहमान और उनकी पत्नी सायरा ने अलग हो जाने का फैला लिया है. रहमान के वकील ने तलाक की आधिकारिक पुष्टि कर दी है. एआर रहमान के प्रशंसक भी इस खबर से चौंक गए हैं क्योंकि अब तक रहमान और उनकी पत्नी के बीच बेहतरीन बांडिंग की खबरें ही सामने आती रही हैं.
कपल की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि भावनात्मक तनाव के चलते हम ये फैसला ले रहे हैं. बयान में कहा गया है कि शादी के कई सालों बाद श्रीमती सायरा ने अपने पति एआर रहमान से अलग होने का कठिन फैसला ले लिया है. रिश्ते में काफी तनाव के बाद, एक-दूसरे के प्रति गहरे प्यार के बावजूद दंपति ने यह पाया कि ये दूरियां पाटने में वे सक्षम नहीं है. सायरा की ओर से कहा गया कि उन्होंने यह फैसला पीड़ा के चलते लिया है. सायरा ने कहा कि वे अपने जीवन के कठिन दौर से गुजर रही हैं इसलिए सभी लोग समझदारी रखें और हमें अपनी प्राइवेसी दें. इस बीच एआर रहमान ने भी सोशल मीडिया पर लिखा कि हमें लगा था कि हमारी शादी के 30 साल पूरे हों जाएंगे, लेकिन इन परिस्थितियों में लगता नहीं कि ऐसा हो सकेगा. हमारे दिल बेहद टूट चुके हैं. टूटे दिल के साथ ये बताना परेशान करने वाला है कि टूटे हुए हिस्से फिर कभी अपनी जगह नहीं पाते. फिर भी हमें टूटी हुई चीजों से भी कुछ अर्थ तो खोज ही लेना चाहिए. हमारी निजता का सम्मान करने के लिए सभी का धन्यवाद. रहमान और सायरा के तीन बच्चे खतीजा, रहीमा और अमीन हैं.
