RBI ने घटाया रेपो रेट, 0.25 प्रतिशत की कटौती
बैठक के बाद गवर्नर ने की घोषणा, लोन होंगे सस्ते
भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) की आज यानी 5 दिसंबर को मॉनेटरी पॉलिसी कमेटी (MPC) की बैठक में RBI गवर्नर ने बड़ा ऐलान किया है. RBI की तरफ से जारी इस ऐलान में लोगों को राहत देते हुए रेपो रेट में कटौती की गई है, जिससे घरों की EMI कम होगी. बढ़ती महंगाई के बीच यह आम लोगों के लिए बड़ी राहत साबित होगी. भारतीय रिज़र्व बैंक के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने कहा कि मौद्रिक नीति समिति (MPC) ने नीति रेपो दर को 25 बेसिस प्वाइंट घटाकर 5.25% करने का सर्वसम्मत निर्णय लिया है. यह कटौती तत्काल प्रभाव से लागू होगी. RBI की मॉनेटरी पॉलिसी कमेटी (MPC) की बैठक 3 दिसंबर से शुरू हुई थी। दो दिन चली इस बैठक के फैसलों की जानकारी RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा ने आज जनता के साथ साझा की. वहीं आरबीआई की मौद्रिक नीति घोषणा से पहले भारतीय बेंचमार्क सूचकांक शुक्रवार को लाल निशान में खुले. शुरुआती कारोबार में निफ्टी फार्मा, एफएमसीजी और मेटल सेक्टर में बिकवाली देखी गई. वहीं, ऑटो, आईटी और पीएसयू बैंक सेक्टर में खरीदारी देखने को मिली. सुबह 9:30 बजे सेंसेक्स 17.32 अंक या 0.02 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 85,248 के स्तर पर कारोबार कर रहा था. निफ्टी 2.10 अंक या 0.01 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 26,035.85 के स्तर पर बना हुआ था.
