Cancer की दवाओं की कीमतों में भारी कटौती, सरकार ने निगरानी भी बढ़ाई
कुछ दवाओं की कीमतें 96 प्रतिशत तक कम हुईं, अधिकतर दवाओं में 50 से 75 प्रतिशत तक की कमी
कैंसर के ईलाज को सस्ता करने और दवा कंपनियों की मुनाफाखोरी घटाने के क्रम में केंद्र सरकार ने 137 दवाओं की संशोधित कीमतें सख्ती से लागू करने के कदम उठाए हैं। राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण ने संशोधित कीमतें सही तरीके से लागू करने संबंधी आदेश जारी किए हैं। इन दवाओं पर ट्रेड मार्जिन रेशनलाइजेशन लागू करते हुए ट्रेड मार्जिन सीमित किया गया है। एनपीपीए ने अपनी वेबसाइट, ‘फार्मा सही दाम’ एप पर भी नई कीमतें डाल दी हैं। दवा बनाने वालों से लेकर खुदरा बेचने वालों तक को संशोधित कीमतों का पालन करने को कहा गया है। औषधि नियंत्रकों को भी निगरानी रखने को कहा गया है। एनपीपीए ने कहा है कि ज्यादा कीमत वसूले जाने पर हेल्पलाइन पर शिकायत की जा सकती हैं। नई व्यवस्था के तहत 85 दवा कंपनियों ने 137 में से 121 दवाओं के संशोधित एमआरपी बताए हैं जिनमें कुछ दवाओं की कीमतें तो 96.45 प्रतिशत तक कम हुई हैं। कम दाम की दवाओं के चलते मरीजों को सालाना 3,541 करोड़ रुपये की बचत होने का अनुमान है।
