September 8, 2026
प्रदेश

Ujjain के खड़े और बड़े हनुमान अब ‘अड़े हनुमान’

उज्जैन में बड़े हनुमान मंदिर को तो प्रशासन ने हटा दिया लेकिन मूर्ति को हटाना हुआ मुश्किल

उज्जैन में सिंहस्थ की आमद के चलते विकास कार्यों के लिए प्राचीन खड़े हनुमान मंदिर को तो प्रशासन ने हटा दिया लेकिन यहां स्थित प्रतिमा को तमाम कोशिशों के बावजूद नहीं हटाया जा सका है। प्रतिमा के विस्थापन पर नागरिक पहले ही सहमत नहीं थे लेकिन अब तो मूर्ति का हटाया जाना प्रशासन के लिए चुनौती बन गया है क्योंकि । उनका कहना है कि जब भगवान हनुमान स्वयं प्रतिमा को हटाया जाना नहीं चाहते तो प्रशासन आखिर प्रतिमा को विस्थापित करने का प्रयास क्यों कर रहा है। इधर, संतों का कहना है यह किसी चमत्कार से कम नहीं है। पिछले दिनों चार बार प्रशासन ने पूरी कोशिश कर ली लेकिन प्रतिमा को हटाना संभव नहीं हुआ, इसके बाद अब श्रद्धालुओं का कहना है कि जब हनुमानजी अपनी जगह नहीं छोड़ना चाहते हैं तो प्रशासन को भी अब कोशिश नहीं करनी चाहिए। इसके साथ ही यहां नागरिकों ने प्रशासन को चेतावनी भी दे दी है कि यदि मूर्ति को लेकर कुछ ज्यादा कोशिश की गई और मूर्ति को कुछ हो गया तो जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। जब से यह खबर फैली है कि हनुमान प्रतिमा को हटाने की कोशिशें असफल हो रही हैं तभी से यहां दर्शन के लिए लोगों की भीड़ लगने लगी है। विशेषज्ञ कह रहे हैं कि यह प्रतिमा दुर्लभ है और बेसाल्ट पत्थर से परमार काल और भोजकाल के शिल्प के साथ है। अब प्रशासन कोशिश कर रहा है कि प्रतिमा को पुनर्स्थापित करने में पुरातत्व विभाग की मदद ली जाए। मंदिर का गर्भगृह और मुख्य ढांचा हटाया जा चुका है और प्रतिमा टेंट लगाकर रखी गई है।