Om Birla पर अविश्वास प्रस्ताव लाने की विपक्ष की कवायद
लोकसभा अध्यक्ष पर अविश्वास प्रस्ताव की तैयारी में विपक्ष
विपक्ष ने अब लोकसभा अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की पूरी तैयारी कर ली है। दरअसल पिछले दिनों प्रधानमंत्री मोदी के दिए जाने वाले भाषण के समय हंगामे की योजना कांग्रेस ने बनाई थी लेकिन ऐन समय पर लोकसभा अध्यक्ष ने कुछ महिला सांसदों की तैयारी देखते हुए प्रधानमंत्री को सदन में आने से रोक दिया था। विपक्ष की रणनीति यह थी कि पीएम की कुर्सी के आसपास जमा ये सांसद ही हंगामा खड़ा करेंगी लेकिन मोदी भाषण के लिए आए ही नहीं तो सारी योजना धरी रह गई। इसी बात से चिढ़े विपक्ष ने कहा है कि जिस तरह से लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने महिला सांसदों पर आरोप लगाए हैं उसके चलते हम उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने जा रहे हैं। कांग्रेस का आरोप है कि अध्यक्ष ने सदन की कार्रवाई में विपक्ष की आवाज को दबाया है। राहुल गांधी को बोलने का पर्याप्त अवसर न दिया जाना भी एक कारण के तौर पर गिनाया गया है। विपक्ष ऐसा प्रस्ताव लाता भी है तो उसके पक्ष में आंकड़े तो हैं नहीं बस इससे इतना जरुर हो सकता है कि कुछ हद तक सरकार पर दबाव बने। विपक्ष का भी मानना है कि जनता के बीच यह संदेश दिया जाए कि विपक्ष की आवाज दबाई जा रही है व इसे प्रतीकात्मक रणनीति ही माना जाना चाहिए। बजट सत्र का अब तक का दौर राजनीतिक खींचतान और गतिरोध में ही उलझा रहा है। विपक्ष वास्तव में अविश्वास प्रस्ताव लाता है तो इससे राजनीतिक बहस और टकराव बढ़ेगा।
