February 11, 2026
देश दुनिया

Indigo, Air India के साथ आप खतरे में उड़ रहे हैं

आंकड़ों में इंडिगो के सबसे ज्यादा विमान गड़बड़ मिले जबकि एयर इंडिया आनुपातिक रुप से सबसे गड़बड़
लोकसभा में पेश किए गए सरकारी आंकड़े बताते हैं कि यदि आप भारतीय एयरलाइंस पर भरोसा करते हुए फ्लाइट्स पकड़ते हैं तो आप खतरे से खेल रहे हैं। यह भारतीय विमानन क्षेत्र की चिंताजनक तस्वीर सामने रखने वाली रिपोर्ट है जो बताती है कि देश की छह बड़ी एयरलाइंस के कुल 754 विमानों में से 377 विमान ऐसे मिले हैं जिनमें बार-बार तकनीकी खराबी देखी गई। सबसे ज्यादा गड़बड़ एयर इंडिया के विमानों में देखी गई। इस ग्रुप के 267 विमान जांचे गए जिनमें से 191 में बार-बार दिक्कतें दिखीं दूसरे शब्दों में कहें तो एयर इंडिया ग्रुप के 72 प्रतिशत पूरी तरह भरोसे के लायक नहीं पाए गए हालांकि कंपनी का कहना है कि हमने विमानों की विशेष और सूक्ष्म जांचें कराई हैं इसलिए आंकड़ा बड़ा लग रहा है। एयर इंडिया के 166 विमानों में से 137 और एयर इंडिया एक्सप्रेस के 101 विमानों में से 54 में तकनीकी समस्याएं दर्ज मिलीं।
इंडिगो के 405 विमानों में से 148 में ऐसी दिक्क्तें मिलीं। यानी संख्या के हिसाब से इंडिगो आगे रहा लेकिन अनुपात के मामले में एयर इंडिया ग्रुप के विमान गड़बड़ मिले। स्पाइसजेट के 43 में 16 और आकाशा के 32 में से 14 विमान पूरी तरह भरोसे के काबिल नहीं मिले।
इन आंकड़ों को देखने के बाद डीजीसीए ने निगरानी और निरीक्षण प्रक्रिया और सख्त कर दी है। डीजीसीए ने अब तक 3,890 निगरानी निरीक्षण, 56 रेगुलेटरी ऑडिट, 84 विदेशी विमानों की जांच, 492 रैंप निरीक्षण, आकस्मिक स्पॉट चेक 874 और नाइट निरीक्षण 550 किए हैं।