February 11, 2026
Business Trends

Indo -USA डील तो फादर ऑफ ऑल डील्स है- हर्ष गोयनका

भारत और अमेरिका के बीच हुए समझौते से व्यापार जगत में खुशी का महौल

ट्रंप और मोदी के बीच हुई टेलीफोनिक बातचीत के बाद आखिर भारत और अमेरिका के बीच नए व्यापार समझौते की राहें खुल ही गईं। शीर्ष उद्यमियों का मानना है कि यह समझौता भारत की आर्थिक गति को तेज करेगा और वैश्विक मंच पर हमारी स्थिति मजबूत करेगा। महिंद्रा समूह के आनंद महिंद्रा ने इसे द्विपक्षीय व्यापार और निवेश संबंधों की दिशा में अहम कदम बताते हुए कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था पहले से ही बेहतर है और इस समझौते से उसे गति मिलेगी। समझौता दिखाता है कि जब शोर थम जाता है तो दो स्वाभाविक साझेदार साथ आते हैं। ट्रंप ने जो टैरिफ घटाकर 18 प्रतिशत करने की बात कही है उसे भी उद्योग जगत सकारात्मक संकेत मान रहा है। आदित्य बिड़ला समूह के कुमार मंगलम बिड़ला का कहना है कि दोनों देशों के रणनीतिक और आर्थिक संबंध मजबूत होने के साथ निवेश और सहयोग के अवसर भी खुलेंगे। उन्होंने कहा कि समझौता अवसरों को बढ़ाएगा। टीवीएस के चेयरमैन सुदर्शन वेणु ने कहा कि भारतीय सामानों पर अमेरिकी जवाबी शुल्क घटाकर 18 प्रतिशत होने से निर्यात प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी। वहीं, आरपीजी एंटरप्राइजेज के चेयरमैन हर्ष गोयनका ने इसे यूरोपीय समझौते के बाद ‘फादर ऑफ ऑल डील्स’ बताया। स्पाइसजेट के चेयरमैन अजय सिंह का कहना है कि यूरोपीय संघ और ब्रिटेन के साथ हुए समझौतों से भारत की विश्वसनीयता पुख्ता हुई है।