February 12, 2026
देश दुनिया

बिहार, नीतिश कुमार, दसवीं बार सरकार

26 मंत्रियों को राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने पांच पांच के समूह में दिलाई शपथ

बिहार में नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद की 10वीं बार शपथ ली। गांधी मैदान में आयोजित भव्य समारोह में राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, नड्‌डा सहित कई केंद्रीय मंत्रियों, मुख्यमंत्रियों और गठबंधन के प्रमुख नेताओं के बीच नीतिश का शपथग्रहण हुआ। बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) को 202 सीटों पर जीत मिली, जिसने इस शपथग्रहण को और भी ऐतिहासिक बना दिया। इस बार नीतीश कुमार के साथ सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा को फिर से उपमुख्यमंत्री बनाया गया है। मंत्रियों में विजय चौधरी, विजेंद्र प्रसाद यादव, श्रवण कुमार, मंगल पांडेय, डॉ दिलीप जायसवाल, अशोक चौधरी, लेशी सिंह, मदन सहनी, नितिन नवीन, रामकृपाल यादव, संतोष सुमन, सुनील कुमार, जमा खान, संजय सिंह टाइगर, अरुण शंकर प्रसाद, सुरेंद्र मेहता, नारायण प्रसाद, रमा निषाद, लखेंद्र कुमार रोशन, श्रेयसी सिंह, प्रमोद कुमार, संजय कुमार सिंह और दीपक प्रकाश शामिल हैं। शपथग्रहण समारोह में लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) के प्रमुख चिराग पासवान भी मंच पर पहुंचे और एनडीए के वरिष्ठ नेताओं से आशीर्वाद लिया। चिराग ने अपनी पार्टी से तीन मंत्रियों की मांग की थी, लेकिन फिलहाल उनकी पार्टी से एक मंत्री को ही शपथ दिलाई गई है। बाकी दो मंत्रियों को बाद में शामिल किया जाएगा। गांधी मैदान में आयोजित यह समारोह केवल एक राजनीतिक औपचारिकता नहीं, बल्कि एनडीए की एकजुटता और भविष्य की रणनीति का प्रदर्शन भी था। मंच पर मौजूद नेताओं की उपस्थिति ने यह संकेत दिया कि बिहार में गठबंधन की सरकार मजबूती से आगे बढ़ने को तैयार है। नीतीश कुमार का यह कार्यकाल कई मायनों में अहम है। वे पहले ही 19 वर्षों से मुख्यमंत्री पद पर रह चुके हैं और अब 10वीं बार शपथ लेकर उन्होंने एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उनके नेतृत्व में बिहार ने कई सामाजिक और बुनियादी सुधार देखे हैं, और अब एनडीए के साथ मिलकर वे राज्य को नई दिशा देने की तैयारी में हैं।